पछवादून क्षेत्र में पुलिस का ऑपरेशन लगाम जारी है। सहसपुर और सेलाकुई थाना क्षेत्र में पुलिस ने 72 वाहन चालकों और लोगों के चालान किए। वहीं, दो वाहनों को सीज कर दिया गया। एक वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। सहसपुर थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया लापरवाही से वाहन चलाने पर 11 वाहनों के सामान्य और तीन के न्यायालय चालान किए गए। बताया कि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। कार पर काली फिल्म लगाने पर एक चालक का चालान किया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर पांच लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।सेलाकुई थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि बाइक पर रेट्रो साइलेंसर लगाने पर आठ और लापरवाही से वाहन चलाने पर छह वाहन चालकों के चालान किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर 22 और सिगरेट, बीड़ी का सेवन करने पर 11 लोगों पर चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही एक वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।