वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल दून में भी अपने बल्ले का जलवा दिखा क्रिकेट प्रेमियों का संडे सुपर बनाया। गेल ने 26 गेंदों में दो छक्के और एक चौके के बदौलत 29 रन बनाए।
पहली इनिंग के 11वें ओवर की पहली गेंद में गेल ने जैसे ही छक्का जड़ा तो स्टेडियम गूंज उठा। इसी ओवर की दूसरी गेंद में गेल ने एक बार फिर शॉट लगाया लेकिन इस बार वह आउट होने से बच गए। ओवर की तीसरी गेंद में गेल पवन सुयाल को कैच थमा बैठे। गुजरात जॉयंट्स की टीम के लिए खेल रहे गेल के नाम टी-20 में सबसे ज्यादा रन और शतक बनाने का विश्व कीर्तिमान दर्ज है। इससे पहले उन्होंने रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्पलेक्स में हुए मैच में भीलवाड़ा किंग्स के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस मैच में गेल ने एक ऐसा चौका जड़ा, जिसके बाद उनके बल्ले के दो टुकड़े हो गए थे। इस मैच में गुजरात की जीत से ज्यादा चर्चा गेल के टूटे बल्ले की हुई थी।
Iआखिरी दिन लगा क्रिकेट प्रेमियों का जमावड़ाI
एलएलसी के आठवें और दून में खेले गए आखिरी मैच के दिन क्रिकेट प्रेमियों का जमावड़ा लगा। बीते दो दिनों के मुकाबले स्टेडियम में दर्शकों की संख्या तीन गुना अधिक रही। 25 हजार के क्षमता वाले स्टेडियम में रविवार को दर्शकों की संख्या करीब 15 हजार रही।
Iहर चौके-छक्के पर गेल-रैना के नारों से गूंजा स्टेडियमI
मैच के दौरान जब गेल ने चौके-छक्के लगाए तो स्टेडियम में दर्शकों ने उनके जमकर नारे लगाए। इसके साथ ही दर्शकों ने सुरेश रैना का भी जमकर उत्साहवर्धन किया। इतना ही नहीं किसी भी खिलाड़ी ने जब चौका-छक्का लगाया तो दर्शकों ने सिर्फ गेल, धोनी और रैना के नारे लगाए।
Iगेल से मिलने मैदान में पहुंचा दर्शकI
मैच के दौरान क्रिस गेल से मिलने एक दर्शक स्टेडियम से कूदकर मैदान में पहुंच गया। हालांकि गेल के पास पहुंचते ही बाउंसर ने उसे पकड़ मैदान के बाहर कर दिया। इस घटना के बाद मैदान के चारों को सुरक्षा बढ़ा दी गई। मैच समाप्त होने के बाद अपने प्रशंसकों को गेल ने ओटोग्राफ भी दिया और दर्शकों ने उनके साथ सेल्फी भी खिचाई।
Iभारत समेत विदेशी खिलाड़ी को भा गई दून की वादियांI
एलएलसी खेलने दून आए पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के साथ दुनिया भर के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों को भी दून की वादियां खूब भाईं। मैच के बाद इन खिलाड़ियों को जब भी समय मिला तो उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर दून की फोटो पोस्ट करते हुए यहां की खूबसूरती का बखान किया।