ग्राम पंचायत सहसपुर क्षेत्र में सभावाला रोड स्थित चोरखाला के किनारे ग्रामीणों के लिए बनाया गया ओपन जिम और पार्क देखरेख के अभाव में बदहाल हो गया है। निर्माण के बाद नियमित साफ-सफाई और रखरखाव न होने से पूरे परिसर में घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे ग्रामीणों और बच्चों ने यहां आना-जाना कम कर दिया है।ग्राम पंचायत की ओर से कुछ वर्ष पहले स्थानीय लोगों को व्यायाम और मनोरंजन की सुविधा देने के उद्देश्य से ओपन जिम और पार्क का निर्माण कराया गया था। योजना के तहत परिसर में बच्चों के लिए झूले और लोगों को व्यायाम करने के लिए विभिन्न उपकरण लगाए गए थे। निर्माण के समय पंचायत स्तर से इस पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे।लेकिन नियमित देखरेख न होने से पूरे परिसर में जगह-जगह घास और झाड़ियां उग आई हैं। लंबे समय से इस्तेमाल न होने के कारण ओपन जिम में लगाए गए कई व्यायाम उपकरणों पर जंग लगने लगी है। वहीं, झूले भी खराब स्थिति में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई और उपकरणों की मरम्मत कराई जाए तो ओपन जिम और पार्क का फिर से उपयोग शुरू हो सकता है। विकास अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर बनाए गए ओपन जिम का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा। जल्द ही पंचायतों के माध्यम से साफ-सफाई कराकर व्यायाम उपकरणों को दुरुस्त कराया जाएगा।