ग्राम पंचायत ईच्छला-फटेऊ में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। 17 में से मात्र सात विभागों के ही अधिकारी व उनके प्रतिनिधि पहुंचे। अधिकारियों के इस रवैये पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की बात कही है।ग्राम पंचायत ईच्छला-फटेऊ में आयोजित कार्यक्रम में कुल 17 विभागों के अधिकारियों या विभागीय प्रतिनिधियों को शामिल होना था। परंतु कार्यक्रम में मात्र सात प्रतिनिधि ही पहुंचे। जिला अधिकारी के निर्देश पर जिस पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया गया, उन्होंने भी अपने स्थान पर सहायक अभियंता रवि गुरु को भेजकर कार्यक्रम की औपचारिकताओं को पूरा करा लिया। अधिकारियों की खाली कुर्सी देखकर नाराज ग्रामीण अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। कार्यकारी नोडल अधिकारी रवि गुरु ने बमुश्किल ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों ने पाटा बैंड-फटेऊ-ईच्छला-माख्टी मोटर मार्ग पर हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इसके साथ ही मोटर मार्ग पर स्क्रबर व नाली निर्माण कराने की भी मांग की। ग्रामीणों ने वन विभाग से माफी की लकड़ी की व्यवस्था प्रारंभ कराने की मांग की। कार्यक्रम में सिंचाई, पेयजल, उद्यान, विद्युत, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन, सहकारिता, समाज कल्याण आदि 10 विभाग के अधिकारी नदारद रहे।