मार्शल आर्ट की कोच शिल्पा राय ने कहा कि निर्भय महिला ही सक्षम बन सकती है। यह तभी संभव है, जब महिला स्वयं की रक्षा खुद कर सकेगी।
शिल्पा राय अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कोतवाली रोड स्थित तक्षशिला स्पोर्ट्स मार्शल आर्ट एंड फिटनेस एकेडमी में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को आत्म रक्षा के लिए मार्शल आर्ट के प्रशिक्षण पर जोर दिया। इस दौरान बालिकाओं को मार्शल आर्ट के गुर भी सिखाए गए।
मुख्य कोच शिल्पा राय ने कहा कि उनके माध्यम से निर्भय महिला सक्षम महिला अभियान की शुरूआत की गई है। जिसके जरिए वे महिलाओं और बालिकाओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती है। कहा कि मार्शल आर्ट को लेकर आज पहले से ज्यादा जागरूकता आई है। महिलाएं अपनी बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए उनके पास भेजती हैं। अब तक 40 से अधिक छात्राएं ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुकी हैं। कहा कि कुछ छात्राएं आत्म रक्षा के लिए मार्शल आर्ट सीखती हैं। कुछ इसे कॅरिअर के रूप में देखती हैं। कुछ फिटनेस को लेकर मार्शल आर्ट सीखती हैं। आज शादी शुदा महिलाएं भी बड़ी संख्या में मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण ले रही हैं।
कोच भगत सिंह राय ने कहा कि पहले कराटे और मार्शल आर्ट को महज खेल के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज समाज में इसे लेकर जागरूकता आई है। खासकर महिलाएं और बालिकाएं बड़ी संख्या में इसका प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच स्नेहा राय, विपाशा राय, कनिष्का भंडारी ने कहा कि मार्शल आर्ट व्यक्तित्व का भी विकास करती हैं। ऐसे में सभी को इसका ज्ञान होना बेहद जरूरी है। कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाओं ने खुद को अपराजिता साबित किया है। उन्होंने अपराजिता कार्यक्रम के आयोजन पर अमर उजाला फाउंडेशन का आभार भी जताया।