एक जालसाज ने कारोबारी को नगर निगम में नीलामी में घी तेल दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित मोहित खंडेलवाल की शिकायत पर ओमप्रकाश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि खंडेलवाल की गुप्ता मिष्ठान भंडार के नाम से मोती बाजार में दुकान है। उन्हें गत 27 जनवरी को ओमप्रकाश गुप्ता नाम के व्यक्ति का फोन आया था। उसने बताया था कि नगर निगम में घी और तेल की नीलामी हो रही है। गुप्ता ने मोहित से कहा कि उसके पिता भी इसी तरह नगर निगम से घी तेल खरीदते थे। वह यह काम लंबे समय से कर रहे हैं। यह विश्वास भी दिलाया कि इस नीलामी में और कोई भाग नहीं ले रहा है। मोहित ने अपने कर्मचारी अतुल सिन्हा को नगर निगम भेजकर ओमप्रकाश से मिलवाया। उसने सिन्हा से एक लाख रुपये लिए और वहां से चंपत हो गया।