माय सिटी रिपोर्टर देहरादून आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि नई दिल्ली की तर्ज पर राज्य में भी निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से वसूले जाने वाली तीन माह की फीस माफ कराई जाए। इसके साथ ही निजी स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि पर रोक लगाने के साथ ही यातायात शुल्क भी ना लिया जाए । इसके साथ ही पार्टी ने छात्रों और अभिभावकों से वार्षिक शुल्क माफ कराने की भी मांग उठाई है । पार्टी प्रवक्ता रवींद्र सिंह आनंद का कहना है कि कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन की वजह से आमजन की आर्थिक हालत चरमरा गई है । ऐसे में लोगों को राहत देने की जरूरत है । पार्टी प्रवक्ता आनंद का कहना है कि जिस तरह से दिल्ली सरकार ने निजी स्कूलों के बच्चों को तीन माह की फीस माफ करने का आदेश जारी किया है उसी की तर्ज पर राज्य सरकार भी आदेश जारी करें पार्टी प्रवक्ता का कहना है कि ज्यादातर निजी स्कूलों द्वारा भारी-भरकम फीस छात्रों व अभिभावकों से वसूली जा रही है । ऐसे में यदि फीस माफी का आदेश नहीं जारी किया जाता है तो अभिभावकों को फीस भुगतान करना संभव नहीं होगा । इतना ही नहीं पार्टी प्रवक्ता आनंद का यह भी कहना है कि यदि राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश नहीं जारी किए गए और स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों और छात्रों से पूरी फीस वसूली जाती है तो इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे । जिसकी जिम्मेदारी सरकार व स्कूल प्रबंधन की होगी।