I
I
I
I- डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबूI
दीपावाली की शाम को त्यूणी के गेट बाजार में पटाखे की चिंगारी से लकड़ी के ढाबे में आग लग गई। ढाबे में रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर क्षेत्र के लोग सहम उठे। आग की लपट इतनी तेज थी कि ढाबे के बगल की दुकान भी इसकी चपेट में आ गया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ढाबे और दुकान में करीब छह लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार त्यूणी थाना क्षेत्र के गेट बाजार में मणवेटी निवासी बनवारी लाल पांडे का लकड़ी का भवन है। इसमें उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के बंगाण क्षेत्र निवासी चंद्रा देवी ढाबा और त्यूणी निवासी सोनू कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं। रविवार को महिला और युवक ढाबे व दुकान को बंद कर दिवाली मनाने गांव गए थे। शाम करीब 7.00 बजे पटाखे की चिंगारी से लकड़ी के ढाबे में आग लग गई। इसी बीच ढाबे में तेज धमाके के साथ गैस सिंलिंडर फट गया। आग इतनी भयावह थी कि ढाबे के बगल की कपड़े और कॉस्मेटिक की दुकान को भी अपने अगोश में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में अग्निशमन वाहन, पुलिस और तहसील प्रशासन पहुंचे। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाना शुरू किया। करीब डेढ़ बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही आग से कोई जनहानि नहीं हुई।
तहसीलदार ग्यारूदत्त जोशी और थाना प्रभारी आशीष रवियान ने बताया कि दुकानों में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।