Iधूमधाम से मनाया गया श्री हनुमत धाम का 26वां स्थापना दिवस
I
Iश्री हनुमान चालीसा एकादश का पाठ कियाI
श्री हनुमतधाम के 26वें स्थापना दिवस पर नगर में श्री राम जानकी पालकी की नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त उमड़े। श्रद्धालु भक्ति धुनों पर जमकर झूमे।
सुबह मंगल पूजन के बाद श्री हनुमतधाम से पालकी नगर परिक्रमा के लिए रवाना हुई। गीता भवन चौक, मुख्य बाजार, डाकपत्थर तिराहा, 28 फिटा रोड होते हुए नगर परिक्रमा मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने पालकी के दर्शन किए। विभिन्न संस्थाओं ने पालकी की अगुवानी की। श्रद्धालुओं ने श्री राम दरबार के दर्शन किए।
श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय देहरादून के छात्रों ने गीता पाठ की प्रस्तुति से हर किसी को झूमने पर विवश कर दिया। भजन मंडली के हरे रामा हरे कृष्णा भजन पर भक्त भाव विभोर हो गए। भक्त हाथों में भगवा ध्वज लिए थे। शाम के समय श्री हनुमान चालीसा एकादश का पाठ किया गया। मंगल आरती और भोग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
महंत कृष्ण गिरि ने कहा कि हनुमान जी को संकटमोचन कहा गया है। कलयुग में भक्ति बड़ी आसान है। सच्चे मन से प्रभु का स्मरण करने पर वे भक्त की मदद के लिए दौड़े चले आते हैं। उन्होंने सनातनी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए युवा पीढ़ी से आगे आने का आह्वान किया।
इस मौके पर श्री हनुमतधाम के अध्यक्ष विष्णु महावर, नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री भारत कालड़ा, पंडित जीवनचंद भट्ट, पंडित मदन राज भट्ट, अतुल महावर, पंडित डब्बू जैन, प्रियांक मित्तल, राकेश जयसवाल, रुद्र बहादुर थापा, घनश्याम कश्यप मौजूद रहे।