चकराता-कालसी मोटर मार्ग पर जजरेड में एक माह से पहाड़ी पर लटके बड़े बोल्डर को लोक निर्माण विभाग ने सोमवार को जमीन पर गिरा लिया। दो दिन तक चली कार्रवाई के बाद देर शाम खतरा बने बोल्डर को हटाने में कामयाबी मिली। कार्रवाई के दौरान कई बार कालसी-साहिया मोटर मार्ग को बंद भी रखना पड़ा था।
चकराता-कालसी मोटर मार्ग पर सड़क से लगभग 300 मीटर की ऊंचाई पर बोल्डर पहाड़ी पर रुक गया था। बोल्डर के किसी भी समय सड़क की ओर आने से होने वाली दुर्घटना को देखते हुए कई दिन मार्ग पर आवाजाही को भी पुलिस ने बंद किया था। उसके बाद जिला व तहसील प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को सुरक्षित तरीके से बोल्डर को हटाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग ने काफी सोच-विचार के बाद बोल्डर को क्रेकामाइट नामक कैमिकल से मौके पर ही तोड़कर टुकड़ों में बांटने की योजना पर कार्य किया। इस कार्य से विशाल बोल्डर छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट गया। इसी क्रम में रविवार को विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बोल्डर को पहाड़ से नीचे लाने की कवायद प्रारंभ की। लेकिन, रात हो जाने के कारण उन्हें अपनी कार्रवाई को रोकना पड़ा।
सोमवार की सुबह बोल्डर के टुकड़ों को जमीन पर लाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई जो शाम 4:30 बजे तक चली। आखिरकार बोल्डर के टुकड़ों को पहाड़ी से सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। इस दौरान दिन में कई बार मोटर मार्ग पर चल रहे यातायात को रोकना भी पड़ा। लोनिवि की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि बोल्डर के टुकड़ों को सुरक्षित तरीके से हटाना उनकी प्राथमिकता थी।