शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल की पुण्यतिथि पर उनके निवास स्थान पर 15 फरवरी से श्री मद्भागवत कथा का आयोजन हो रहा है। रविवार को वीरांगना निकिता ने शहीद मेजर के आवास पर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर परिवारजनों के साथ ही अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गई।
बता दें कि शहीद की वीरांगना निकिता फिलहाल सेना में अधिकारी के रूप में तैनात है। वहीं शहीद की माता सरोज ढौंडियाल ने वीरांगना निकिता की सभी रीति-रिवाज के साथ से शादी करवाई थी। भागवत कथा में माता-पिता के साथ ही निकिता के मेजर पति भी पहुंचे थे।
ज्योतिष पीठ के कथा व्यास शिव प्रसाद ममगाईं ने कहा कि देश पर मर-मिटने वालों का सिलसिला मेजर विभूति की तरह पहले से चलता आ रहा। उनकी माता सरोज ढौंडियाल ने निकिता का कन्यादान कर सभी रुढ़िवादिता से ऊपर उठकर प्रेरणादायक कार्य किया है।
कथा व्यास के प्रसंग पर बोलते हुए कथा व्यास ने कहा कि दुनिया के चक्र व्यूह से बाहर निकालना बहुत मुश्किल होता है। भगवान बाल गोविंद की दिव्य झांकी दर्शन के साथ भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इस दौरान सरोज ढौंडियाल, वैष्णवी, जगदीश, हरिश्चंद, गिरीशचंद्र, सतीशचंद, कर्नल विकास नौटियाल, राजेश पोखरियाल आदि मौजूद रहे।