खनन पट्टे के पूर्व खननकर्मी की हत्या मामले में शुक्रवार को कालसी थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का नए सिरे से निरीक्षण किया। कुछ साक्ष्य संकलित किए। घटना स्थल पर इलेक्ट्रिक वॉयर भी मिली है। फिर से खून के धब्बे के नमूने लिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि साक्ष्यों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट खुलासे में अहम होगी। घटनास्थल और प्रमुख सड़कों के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। मृतक के फोन की सीडीआर भी निकाली जा रही है।
गत 23 नवंबर को कालसी गेट के पास अमलावा नदी किनारे खनन पट्टे की साइट पर बने कमरे में संदीप (30) निवासी ग्राम डिंडाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे की कुंडी से लटका मिला था। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए थे। परिजनों के हत्या की आशंका जताते पर डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। रिपोर्ट में हत्या कर शव को लटकाने का खुलासा हुआ था। मृतक के चाचा इंद्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।