लक्सर। दुर्गा चतुर्दशी पर नगर के मेन बाजार स्थित जगदंबा मंदिर पर विशेष पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। रविवार की सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह के समय मंदिर में जगदंबा की पूजा और प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। वहीं, रात के समय मंदिर परिसर में जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं, दुर्गा चतुर्दशी पर जगदंबा मंदिर के समीप मेले का भी आयोजन हुआ। नगर के अलावा देहात क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में खरीदारी के लिए पहुंचे। मंदिर के पुजारी अनिल शर्मा ने बताया कि, नवरात्रि के पहले दिन से लेकर चंडी चौदस तक मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित रहती है। 57 वर्षों से यहां दुर्गा चतुर्दशी पर जागरण और विशेष पूजन के साथ मेले का आयोजन हो रहा है।