विकासखंड कालसी के ग्राम डांडा में शुक्रवार को सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में पांच विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर एसडीएम युक्ता मिश्रा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा अनुपस्थित अधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों के विद्यालय से अनुपस्थित रहने के मामले में जांच के निर्देश दिए।
शुक्रवार को ग्राम डांडा में एसडीएम युक्ता मिश्रा ने जनसमस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने निछिया बैंड से देसऊ तक मोटर मार्ग में सही ग्रेड न होने और कोटी डिमऊ डांडा मोटर मार्ग की सफाई न होने की शिकायत की। वहीं सीजन में मटर की फसल खराब होने पर किसानों ने मुआवजे की मांग की। उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारियों से संयुक्त निरीक्षण के बाद मुआवजे की कार्यवाही शुरू करने की मांग की।
स्थानीय निवासी खजान सिंह ने विकलांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन किया। जूनियर हाई स्कूल के शिक्षकों के विद्यालय से अनुपस्थित रहने की शिकायत दर्ज कराई गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र डांडा में कार्यकर्ताओं के रिक्त पद को भरने की मांग की गई। कॉमन सर्विस सेंटर की ओर से विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाए जाने में आवेदन शुल्क से अतिरिक्त शुल्क मांगने की शिकायत की गई।
एसडीएम ने अधिकारियों को समस्या और शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जल निगम, जल संस्थान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी और नलकूप विभाग की ओर से कोई अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं था। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने के लिए विभागाध्यक्षों को लिखा जा रहा है।