माय सिटी रिपोर्टर देहरादून कोरोना वायरस संक्रमण के चलते परिवहन निगम के चालक परिचालक रोस्टरवार ड्यूटी देंगे। महाप्रबंधक प्रशासन हर गिरि की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक सिर्फ पचास फ़ीसदी चालक परिचालक ही ड्यूटी पर आएंगे। जिसमें से तीस फ़ीसदी सुबह की पाली में जबकि बाकी बीस फीसदी चालक परिचालक दूसरी पाली में ड्यूटी देंगे। लेकिन यदि विशेष परिस्थितियों में चालकों परिचालकों की तत्काल आवश्यकता पड़ती है, तो अतिरिक्त चालकों परिचालकों को ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। महाप्रबंधक ( प्रशासन ) हर गिरी की ओर से सभी मंडलीय प्रबंधकों, उप महाप्रबंधकों और सहायक महाप्रबंधको को जारी आदेश में कहा गया है कि चालकों परिचालकों की ड्यूटी को लेकर सप्ताह भर का रोस्टर तैयार कर लिया जाए और जितने भी चालक परिचालक ड्यूटी पर आते हैं उनके बारे में रिपोर्ट मुख्यालय को मुहैया कराई जाए। रोडवेज की तमाम कार्यशालाओं में पचास फ़ीसदी कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। लेकिन यदि गाड़ियों की मरम्मत के लिए अतिरिक्त तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत पड़ती है तो उन्हें ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। सभी विभागाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि कार्यालयों में कोई कार्य लंबित ना हो इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है । महाप्रबंधक प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ड्यूटी पर आने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए मास्क की अनिवार्यता के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। अधिकारियों के इस बात की हिदायत दी गई है कि वे अपने स्तर पर ही जांच करें कि ऐसे कौन-कौन से कर्मचारी हैं जो बिना मास्क के और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन ना करते हुए का ड्यूटी दे रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। वहीं कर्मचारियों से सभी अधिकारियों को ड्यूटी पर आना होगा उनके लिए कोई प्रतिशत की अनिवार्यता नहीं लागू की गई। महाप्रबंधक प्रशासन का कहना है कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिकारियों, कर्मचारियों में कोरोना वायरस का संक्रमण ना हो।