दून में स्कूली बच्चों व शिक्षकों को अब फर्स्ट एड व आपदा प्रबंधन के गुर भी सिखाए जाएंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय जैन ने शिक्षा विभाग व जिला रेडक्रॉस सोसायटी को इस संबंध में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। चेयरमैन डॉ. एमएस अंसारी ने कहा कि राज्यपाल ने प्रदेश में पांच लाख रेडक्रॉस सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने सदस्यता बढ़ाने के साथ ही 31 मार्च से पूर्व जो कार्यक्रम शेष हैं उनको भी समय रहते पूरा किया जाए।
इस दौरान सचिव कल्पना बिष्ट ने आय-व्यय का ब्योरा रखा। आगामी वर्ष 2024-25 के लिए कार्यक्रम प्रस्तावित किए। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के बाद 50 प्रतिशत शुल्क विद्यालयों ने अभी तक जमा नहीं कराया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलाल भारती ने कहा कि जब भी शिक्षकों के प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, उस समय एक सत्र रेडक्रॉस के नामित प्रशिक्षक को भी दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी। ऐसा सभी छह ब्लॉक में करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान मानवता की निस्वार्थ सेवा के लिए डाक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त करने वाले रेडक्रॉस सदस्य डॉ. जितेंद्र सिंह बुटोइया को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष रीता गोयल, प्रबंध समिति सदस्य योगेश अग्रवाल, विकास कुमार गुप्ता, पुष्पा भल्ला, रविंद्र मोहन काला, मुशीर अंजुम, शिफाअत अली, जाहिद हुसैन अनामिका सोनी,रूपाली शर्मा,जैबा नाज अंसारी,शाश्वत गुलाटी, गिरीश धर्मपाल, गणेश सती, अब्दुल अजीज आदि उपस्थित रहे।