शहर में खुले में सीवर बहने की बढ़ती समस्या को देखते जल संस्थान ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने सीवर लाइन में किचन का कूड़ा बहाने, जाली और ग्रीस ट्रैप न लगाने पर 100 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को नोटिस थमाया है। सभी से तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
मालरोड के कुलड़ी, तिलक रोड, भोटिया मार्केट सहित आसपास के 100 होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को को नोटिस थमाए गए। जल संस्थान एई टीएस रावत ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और आवासीय परिसरों के किचन से निकलने वाले कूड़े को सीवर लाइन में बहाया जा रहा है। साथ ही सीवर लाइन में फिक्स जाली, ऑयल और ग्रीस ट्रैप भी नहीं लगाए गए हैं। इससे शहर में बार-बार सीवर लाइन चोक हो रही है और लोगाें को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को चिह्नित कर नोटिस दिए गए हैं। सभी को तीन दिन में फिक्स जाली, ऑयल और ग्रीस ट्रैप लगाने के लिए कहा गया है।
साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो बिना पूर्व सूचना के सीवर एवं पानी का कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।