पछवादून की लाइफलाइन मानी जाने वाली डाकपत्थर-देहरादून बस सेवा के रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख बस स्टॉप पर यात्री शेड की सुविधा न होने से आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे सड़क पर भीगते हुए बसों का इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस मार्ग पर दैनिक रूप से बड़ी संख्या में लोग देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के लिए आवाजाही करते हैं। डाकपत्थर बस अड्डा, डाकपत्थर चौराहा, नवाबगढ़ पुल नंबर एक, विकासनगर का डाकपत्थर तिराहा, जल संस्थान कार्यालय, अस्पताल रोड, देहरादून बस स्टॉप, बाबूगढ़ चुंगी, हरबर्टपुर चौक, लांघा रोड तिराहा, सहसपुर बाजार, छोटा व बड़ा रामपुर, सेलाकुई, राजा रोड, बंशीपुर, झाझरा, सुद्धोवाला और प्रेमनगर जैसे 19 प्रमुख स्टॉप पर शेड का अभाव है।विकासनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, हरबर्टपुर के सामाजिक कार्यकर्ता नीरज रोहिला, सहसपुर निवासी डॉ. यासीन, रामपुर के अरशद अली और सेलाकुई के पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सबसे पुराने और व्यस्त मार्ग पर सुविधाओं की अनदेखी के चलते सर्दी, गर्मी व बरसात में यात्रियों की फजीहत होती है। उन्होंने सभी स्टॉप पर शीघ्र यात्री शेड बनाए जाने की मांग की है।