देहरादून। राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित नौ महीने के बच्चे ने छह दिन में कोरोना की जंग जीत ली है। इस तरह से यह बच्चा उत्तराखंड में कोरोना से सबसे कम समय में स्वस्थ होने वाला मरीज बन गया है। इससे पहले एक प्रशिक्षु आईएफएस सात दिन में कोरोना से ठीक हुआ था। अस्पताल के डिप्टी एमएस और कोरोना के स्टेट को ऑर्डिनेटर डा. एनएस खत्री ने बताया कि बच्चे की दो रिपोर्ट लगातार नेगेटिव आने पर उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है। भगत सिंह कालोनी की मस्जिद के कर्मचारी को कोरोना हो गया था। उनके संपर्क में आने से बच्चे को बजी कोराना हुआ। 17 अप्रैल को बच्चे को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मां का दूध संक्रमण से लड़ने में बहुत उपयोगी दून अस्पताल के कोरोना के नोडल अफसर और सांस रोग विभाग के एचओडी पल्मनोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि बच्चे की मां का भी कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। दोनों बार मां की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। फिर भी मानवीय आधार पर मां को बच्चे के साथ ही अस्पताल में भर्ती रखा गया था। मां को पीपीई किट भी उपलब्ध कराई गई थी। डॉ अग्रवाल ने बताया कि इस दौरान बच्चा मां का दूध पीता रहा। उन्होंने बताया कि मां के दूध में संक्रमण से लड़ने की बहुत क्षमता होती है। संभवत बच्चे के जल्द ठीक होने का एक कारण हो सकता है।