शादी के बाद एक नवविवाहिता प्रेमी संग जाने पर अड़ी है। नवविवाहिता अपने ससुराल में ही रह रही है। मनाने के लिए मायके वाले भी पहुंचे लेकिन उन पर जान से मारने की आशंका जताते हुए साथ जाने से मना कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बात की।
घटना कैंट थाना क्षेत्र की है। क्षेत्र की एक युवती का विवाह पिछले महीने हुआ था लेकिन शादी के बाद सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। नवविवाहिता ने साफ मना कर दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती है। बल्कि उसका किसी और से प्रेम प्रसंग है। उसकी घरवालों ने जबरदस्ती शादी की है। ससुराल वालों ने काफी समझाना चाहा लेकिन वह नहीं मानी। मायके वाले मंगलवार को अपनी बेटी को मनाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने उसे समझाकर अपने साथ ले जाना चाहा लेकिन नवविवाहिता ने यह कहकर मना कर दिया कि उसके मायके वाले उसे जान से मार देंगे। इंस्पेक्टर कैंट संपूर्णानंद गैरोला ने बताया कि फिलहाल महिला को ससुराल भेज दिया गया है।