दून अस्पताल का नया आईसीयू शुरू कर दिया गया है। रविवार को कई मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया गया। बता दें कि नए आईसीयू का उद्घाटन बृहस्पतिवार को हुआ था। लेकिन, तैयारियां पूरी नहीं होने से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा था।
शनिवार के अंक में अमर उजाला ने मरीजों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। अस्पताल प्रशासन ने इसका संज्ञान लेकर शनिवार से आईसीयू शुरू कर दिया। रविवार दोपहर तक 10 बेड वाले आईसीयू में पांच मरीज भर्ती थे। इनमें सर्जरी, न्यूरो सर्जरी और मेडिसिन के मरीज शामिल हैं। दून अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. धनंजय डोभाल ने बताया, नए आईसीयू में फिलहाल 10 बेड के आईसीयू को शुरू किया गया है। यह आईसीयू सर्जरी के मरीजों के लिए है। वहीं, मेडिसिन के मरीज पुरानी बिल्डिंग के आईसीयू में ही भर्ती किए जा रहे हैं। अगर यहां पर जगह भर जाती है तो मेडिसिन के मरीजों को भी नए आईसीयू में भर्ती किया जा रहा है ताकि किसी को वापस न जाना पड़े।