शहर कोतवाली थानाक्षेत्र के शिवाजी मार्ग कांवली रोड निवासी 58 वर्षीय मकान मालिक इतवारी की तब मौत हो गई जब पड़ोसी धारदार हथियार लेकर घर में घुस आया। उसका इतवारी के घर में रह रहे किरायेदार से झगड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इतवारी दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। पुलिस ने बुधवार को दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी राहुल को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना छह अप्रैल दोपहर करीब एक बजे की है। पीड़िता लाजवंती ने तहरीर में बताया कि उनके घर में रह रहे एक किरायेदार का पड़ोस में रहने वाले राहुल से झगड़ा हो गया था। दरअसल किरायेदार युवक किसी काम से बाहर गया था। वह वापस लौट रहा था, इस दौरान राहुल ने उससे शराब खरीदकर लाने के लिए कहा। उसने मना किया तो राहुल ने थप्पड़ जड़ दिया। बदले में किरायेदार युवक ने भी थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह घर आ गया। थोड़ी ही देर में राहुल अपने परिजनों के साथ उनके घर में घुसकर गाली-गलौच करने लगा। आरोप है कि उसके हाथ में धारदार हथियार भी था। मामला शांत करवाने गए उनके पति इतवारी को धक्का मार दिया। इससे वे चारपाई पर गिर गए। इस दौरान वे बदहवाश हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया कि उनके पति लंबे समय से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे।विवाद से उत्पन्न दहशत में उनकी मौत हो गई। कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि इस मामले में बृहस्पतिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।