मेडिकल की प्रवेश परीक्षा नीट यूजी में 720 में से केवल 96 अंक हासिल करने वाले एससी कैटेगरी के छात्रों को इस साल प्रदेश में निजी कॉलेजों के राज्य कोटे की सीट मिल गई है।
हालांकि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कटऑफ सबसे ऊपर रही। यहां सामान्य की कटऑफ 495 अंक रही। एचएनबी मेडिकल विवि ने बृहस्पतिवार को नीट यूजी की कटऑफ जारी कर दी। छात्रों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को पहली प्राथमिकता दी। इसके बाद दून मेडिकल कॉलेज दूसरे और राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर तीसरी पसंद में रहा। कुल 2450 अभ्यर्थियों ने च्वाइस लॉक की थी, जिनमें से सीट आवंटन किया गया।
एचएनबी मेडिकल विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में 84 में से 79 सीटें, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 84 में से 79, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में 127 में से 123, हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट में राज्य कोटे की 50 में से 46, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज देहरादून में राज्य कोटे की 75 में से 70 सीटें आवंटित हो गई।
दिव्यांग श्रेणी की सीटें रह गईं खाली
सीमा डेंटल कॉलेज ऋषिकेश में राज्य कोटे की 50 में से 45, उत्तरांचल डेंटल कॉलेज में राज्य कोटे की 50 में से 43 सीटें आवंटित हुईं। हालांकि सरकारी मेडिकल कॉलेजों के नजरिए से देखें तो गत वर्ष के मुकाबले पहले चरण में सरकारी सीट पर 500 से ऊपर अंकों पर एमबीबीएस की सीट आवंटित हुईं थी।
प्रदेश के मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में दिव्यांग श्रेणी की सीटें खाली रह गईं। हल्द्वानी में पांच, श्रीनगर में पांच, दून मेडिकल कॉलेज में चार, हिमालयन इंस्टीट्यूट में चार, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में पांच, सीमा डेंटल कॉलेज में पांच, उत्तरांचल डेंटल कॉलेज में सात दिव्यांग श्रेणी की सीटें खाली रह गईं। अब इन सीटों के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी।
अब 12 जुलाई तक दाखिला
प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस की आवंटित सीटों पर शुक्रवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इन सीटों पर 12 जुलाई तक दाखिला लिया जा सकता है।दरअसल, ज्यादातर छात्रों की च्वाइस में सरकारी मेडिकल कॉलेज थे। गरीब मेधावी छात्रों ने सरकारी कोटे की सस्ती पढ़ाई के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को चुना, जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों में फीस पर असमंजस के बीच राज्य कोटे की सीटों पर कम उत्साह दिखा। इस वजह से सरकारी कॉलेजों की सीटों पर मुकाबला मुश्किल हो गया और एससी ओपेन की कटऑफ 318 अंकों पर पहुंच गई जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों में राज्य कोटे की सीटों पर कटऑफ महज 96 अंक तक आ गईं।
किस श्रेणी में कितने अंकों पर मिली एमबीबीएस सीट
प्राइवेट मेडिकल कॉलेज, राज्य कोटा
जनरल ओपेन : 426 अंक
जनरल वुमन : 440 अंक
एससी ओपेन : 96 अंक
एससी वुमन : 150 अंक
एसटी ओपेन : 227 अंक
एसटी वुमन : 261 अंक
ओबीसी ओपेन : 378 अंक
ओबीसी वुमन : 375 अंक
सरकारी मेडिकल कॉलेज
जनरल ओपेन : 495 अंक
जनरल वुमन : 501 अंक
एससी ओपेन : 318 अंक
एससी वुमन : 324 अंक
एसटी ओपेन : 345 अंक
एसटी वुमन : 346 अंक
ओबीसी ओपेन : 457 अंक
ओबीसी वुमन : 465 अंक
बीडीएस, राज्य कोटा
जनरल ओपेन : 195 अंक
जनरल वुमन : 293 अंक
एससी ओपेन : 101 अंक
एससी वुमन : 118 अंक
एसटी ओपेन : 97 अंक
एसटी वुमन : 121 अंक
ओबीसी ओपेन : 122 अंक
ओबीसी वुमन : 121 अंक
ऑल इंडिया मैनेजमेंट कोटा
एमबीबीएस कटऑफ : 468
बीडीएस कटऑफ : 135