श्रीगुरु राम राय विश्वविद्यालय में बुधवार को धूमधाम से एनसीसी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एनसीसी छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान विवि के कुलाधिपति श्रीमहंत देवेंद्र दास ने आगामी गणतंत्र दिवस परेड में चयनित होने वाले विवि के एनसीसी कैडेट्स को आशीर्वाद भी दिया।
इस अवसर पर विवि के कुलपति प्रोफेसर डॉ. यशवीर दीवान ने कहा कि विवि के अन्य छात्रों को एनसीसी के छात्रों से प्रेरणा लेनी चाहिए और अनुशासन सीखना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विवि के कुल सचिव डॉ. अजय कुमार खंडूड़ी ने कहा कि श्रीगुरु राम राय विवि लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इसका प्रमाण 2023 में गणतंत्र दिवस पर परेड में विवि के एनसीसी के छात्र सागर कुमार, अमन डिमरी, विवेक रावत और हर्षिका कंडारी के चयन से मिलता है।
इस अवसर पर कुलपति ने चयनित छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विवि के शैक्षिक समन्वयक डॉ. आरपी सिंह, मुख्य परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय शर्मा ने छात्रों का मनोबल बढ़ाया। स्कूल ऑफ एजुकेशन की डीन डॉ. मालविका कांडपाल ने बताया कि 2021 से एनसीसी विवि में है। विवि में लड़कों के लिए 29यूके बटालियन और लड़कियों के लिए 11यूके बटालियन स्थापित की गई हैं। कार्यक्रम का संचालन सहायक एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अनुष्का काला, कैडेट मेघा और कैडेट अनुष्का ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव लेफ्टिनेंट डॉ. खिलेंद्र सिंह ने किया।