श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआर आईएमएचएस) के बाल रोग विभाग की ओर से 20 और 21 जून को राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला हुई। 6वीं पीडियाट्रिक डायलिसिस एंड थेरेप्यूटिक एफेरेसिस मॉड्यूल फॉर इमरजेंसी (पीडी-टेम) पर हुई कार्यशाला में देशभर से आए बाल रोग विशेषज्ञों और नेफ्रोलॉजिस्टों ने बच्चों में किडनी संबंधी गंभीर एवं आपात बीमारियों के उपचार की आधुनिक तकनीकों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. उत्कर्ष शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक, विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल कौशिक सहित अन्य विशेषज्ञों ने किया। कोर्स डायरेक्टर डॉ. अभिजीत साहा ने कहा कि उत्तराखंड में बच्चों की डायलिसिस पर यह पहला व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिससे समय पर उपचार और रेफरल की आवश्यकता में कमी आएगी।