तैयारियां प्रभावित, खिसक सकते हैं नेशनल गेम्स! - लॉक डाउन के चलते ठप्प है नेशनल गेम्स की तैयारियां, 2021 में प्रदेश में प्रस्तवित हैं नेशनल गेम्स - आयोजन को महज एक साल शेष, व्यवस्थाओं से लेकर सुविधाओं के निर्माण एवं सुधार में लग सकता है अधिक समय माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। लॉक डाउन का असर नेशनल गेम्स पर भी पड़ सकता है। लॉक डाउन के चलते नेशनल गेम्स की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। तैयारियों में देरी होने से नेशनल गेम्स का आयोजन कुछ समय पीछे खिसकने के भी आसार बनते नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड में अगले साल 2021 में नेशनल गेम्स प्रस्तावित हैं। आयोजन को अब सालभर का समय शेष है। अब तैयारियों में तेजी लाने की जरूरत थी, लेकिन लॉक डाउन के कारण कार्ययोजना ठप्प पड़ी हुई है। नेशनल गेम्स सचिवालय में पूरी तरह से गतिविधियां ठप्प हैं। लॉक डाउन की समयावधि तक होने वाली तैयारियों की पूर्ति करना आसान होने वाला नहीं है। वहीं, कई खेलों के लिए सुविधाओं का निर्माण, सुधार कार्यो में भी अधिक समय लग सकता है। आयोजन के तय समय तक तैयारियों को अंतिम रूप देना मुश्किल होने जैसा होगा। जाहिर है कि इन सभी बातों पर गौर करें तो ताज्जुब नहीं होगा अगर नेशनल गेम्स की तिथि आगे के लिए टाल दी जाती है। हालांकि, विभाग के अधिकारी अभी इस बारे में बोलने को तैयार नहीं हैं।