नेशनल हैंड टू हैंड फाइटिंग चैंपियनशिप-2023 में शेर दून क्लब की खिलाड़ी और विकासनगर के बोक्सा जनजाति कृषक इंटर कॉलेज शेरपुर की 11वीं की छात्रा नंदिनी रावत ने गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चौधरी देवीलाल विवि सिरसा हरियाणा में आयोजित हुई थी। क्लब के खिलाड़ियों ने 13 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को क्लब ने सम्मानित किया। प्रशिक्षक लविश कुंवर और रोशनी कुंवर ने इन खिलाड़ियों को तराशा है। प्रधानाचार्य वीर सिंह राणा ने बताया कि नंदिनी पहली छात्रा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के पूर्व सदस्य एवं देहरादून बॉक्सिंग संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह बुटोइया ने भी शेर दून क्लब और नंदनी रावत को शुभकानाएं दीं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता रूस में आयोजित की जाएगी। नंदिनी रावत भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
Iइन खिलाड़ियों ने जीते पदकI
मेघा भट्ट, चांदनी सेमवाल, अनुष्का बिष्ट, शीतल, मयंका पंवार, जतिन, अंकित कुमार, अंश राणा, वंश राणा, मोहित कुमार, सौरभ बिष्ट, अनिल क्षेत्री ने गोल्ड और सृष्टि ने सिल्वर जीता। कोच लविश पंवार ने बताया कि गोल्ड जीतने वाले सभी खिलाड़ी रूस की राजधानी मास्को में होने वाली अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपने-अपने किग्राभार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार क्लब के खिलाड़ियों ने हरियाणा को पछाड़ दिया।