भाजपा किसान मोर्चा की ओर से शनिवार को नमो कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में देहरादून ग्रामीण की टीम ने रुद्रपुर की टीम को हरा कर चैंपियनशिप अपने नाम की। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्य क्रीड़ा हॉल में आयोजित हुई प्रतियोगिता में 18 टीमों ने प्रतिभाग किया।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि राज्य के 270 मंडलों में इस खेल का आयोजन किया गया था। इन मंडलों की विजेता टीम ने दून में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
उन्होंने कहा कि खेल से व्यक्ति का तन और मन स्वस्थ होता है, इसलिए हर व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दून ग्रामीण की टीम के खिलाड़ी रोहित नेगी व अंकित शर्मा को बेस्ट प्लेयर का खिताब दिया गया। कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, मोर्चा के कार्यालय सचिव कस्तूरभानंद जोशी आदि मौजूद रहे।