झारखंड की किशोरी को देहरादून लाकर एक घर में काम करवाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता किसी तरह भागकर रेलवे स्टेशन पहुंची। उसकी शिकायत पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वसंत विहार थानाध्यक्ष होशियार सिंह बताया कि रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन को 18 जनवरी को रेलवे स्टेशन के पास 13 साल की एक किशोरी मिली। पीड़िता ट्रेन में बैठकर कहीं और रवाना होने के लिए स्टेशन पहुंची थी। पूछताछ में बताया कि वह झारखंड की रहने वाली है। पटवारी नाम का व्यक्ति उसे दून लाया। यहां प्रदीप बंसल के घर उसे काम करने के लिए छोड़ दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और डेढ़ साल तक काम कराने के बावजूद पैसा नहीं दिया गया। परेशान होकर वह किसी तरह भाग निकली। पीड़िता को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने के बाद पुलिस ने पटवारी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो और प्रदीप बंसल के खिलाफ जबरन काम कराने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।