मसूरी की मॉल रोड पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल करने पर पुलिस ने एक वाहन सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम के माध्यम से 112 पर सूचना मिली थी कि वाहन का चालक नीली बत्ती लगाकर और हूटर का इस्तेमाल करते हुए हुड़दंग कर रहा है।
सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी की थाना मोबाइल और चीता पुलिस ने वाहन की जांच की। इस दौरान वाहन पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया गया।
मसूरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस लोगो या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।