नगर निगम देहरादून ने डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। पिछले चार दिनों में चलाए गए निरीक्षण अभियान में छह डेयरियों पर 97,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि छह डेयरियों को नोटिस जारी किए गए। मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर पशुचिकित्सा अनुभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत डेयरी संचालकों को गोबर का उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि गोबर को नालियों, सड़कों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान चन्द्रबाणी रोड और सेवलां कलां क्षेत्र की दो डेयरियों का पंजीकरण किया गया। 25 डेयरी पशुओं का पंजीकरण होने से नगर निगम को 12,500 का राजस्व प्राप्त हुआ। करनपुर निवासी डेयरी संचालक राकेश की ओर से 40,000 का चालान जमा नहीं करने पर उनके विरुद्ध भू-राजस्व अधिनियम के तहत वसूली की कार्रवाई के लिए तहसील प्रशासन को पत्र भेजा गया है।वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में संचालित यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमित निरीक्षण, डेयरियों का पंजीकरण, निशुल्क गोबर संग्रह और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।