त्यूणी। पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय, त्यूणी में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। बालक वर्ग में मोहन ने 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विक्की ने 800 मीटर दौड़ और सुमित ने ऊंची कूद जीती। विकेश ने गोला फेंक और पारस ने भाला फेंक में बाजी मारी। बालिका वर्ग में रितिका ने 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ में जीत दर्ज की। रविता ने 800 मीटर दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। करीना ने गोला फेंक, सृष्टि ने शतरंज और पूजा ने बैडमिंटन में पहला स्थान पाया। आयोजन खेल नोडल अधिकारी रहिश कुमार और प्रभारी प्राचार्य सतीश चंद्र के मार्गदर्शन में हुआ। मुख्य अतिथि चमन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। संवाद