कसिगा स्कूल में चल रहे छठे अखिल भारतीय पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच मॉडर्न स्कूल दिल्ली व एशियन स्कूल के बीच खेला गया। दूसरा मैच सेठ आनंदराम और सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के मध्य खेला गया।
पहला मैच वरुण शर्मा की अर्धशतकीय पारी के बदौलत मॉडर्न स्कूल ने जीता। जबकि दूसरा मैच अविराज की धारदार गेंदबाजी के दम पर सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल ने जीता। दोनों खिलाड़ियों को मैच ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। मॉडर्न स्कूल ने पहले खेलते हुए तीन विकेट के नुकसान पर निर्धारित 20 ओवर में 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एशियन स्कूल की टीम आठ विकेट खोकर सिर्फ 113 रन ही बना पाई। दूसरे मैच में सेठ आनंदराम स्कूल की टीम 17.2 ओवर में 60 रन के स्कोर पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेलाकुई इंटरनेशनल की टीम ने 4.4 ओवर में ही 61 रन बना छह विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।