राजधानी के पॉश इलाके वसंत विहार में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक रिहायशी कॉम्प्लेक्स में एक्सपोर्टर के घर लूट को अंजाम दिया। कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर स्थित फ्लैट में बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू के बल पर करीब दो घंटे तक लूटपाट की। बदमाश करीब आठ लाख रुपये नकद और 20 तोला सोना ले गए। पुलिस ने छानबीन शुरू कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
घटना अनुराग चौक के पास पर्ल हाईट रिहायशी कॉम्प्लेक्स की है। यहां पर विकास त्यागी निवासी नकुड़ सहारनपुर छठी मंजिल पर 14 नंबर फ्लैट में किराये पर रहते हैं। त्यागी भारत से फल और सब्जी निर्यात करते हैं। उनकी दुबई में दुकान भी है। शनिवार दोपहर फ्लैट में उनके साथ पत्नी शालू त्यागी, दो बेटे हार्दिक व तेजस मौजूद थे। करीब 12.21 बजे उनके फ्लैट की घंटी बजी तो तेजस दरवाजा खोलने के लिए गया। उसने जैसे ही दरवाजा खोला तो तीन युवक पिस्तौल और चाकू दिखाते हुए अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने तेजस की गर्दन पर पिस्तौल लगा दी। इसके बाद वह मुख्य बेडरूम में दाखिल हो गए।
एकाएक हथियारबंद लोगों को देखकर परिवार के होश उड़ गए। बदमाशों ने विकास त्यागी की गर्दन पर चाकू लगा दिया। इसके बाद बेटों और भाइयों से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने घर से कीमती सामान निकालने के लिए कहा। आतंकित हुआ परिवार एक-एक कर घर का सभी कीमती सामान उनके सामने रखता चला गया। बदमाश उन्हें बार-बार धमका रहे थे और बेटों के साथ मारपीट कर रहे थे।
अंदर हो रही थी लूट, बारह घंटी बजा रहा था भाई
इसी बीच विकास का भाई अभिषेक त्यागी भी गांव से आया। अभिषेक ने घंटी बजाई तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर हार्दिक के फोन पर कॉल की। हार्दिक ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा और बताया कि वे सब घर पर नहीं हैं। इसी बीच बदमाशों को पता चला कि वह विकास का भाई है तो बदमाशों ने दरवाजा खोला और अभिषेक को भी बंधक बना लिया।
दो करोड़ रुपये का इंतजाम करने की दी धमकी
करीब दो घंटे तक ऐसे ही चला। बदमाशों ने एक बैग में सोने के जेवरात और नकदी भर ली। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें धमकाया और दो करोड़ रुपये का इंतजाम जल्द करने के लिए कहा। बदमाश उनके किसी पुराने विवाद का भी जिक्र कर रहे थे। करीब ढ़ाई बजे बदमाश वहां से हार्दिक और अभिषेक को अपने साथ लेकर चले गए।
कार से उतरकर 500 रुपये दे गए बदमाश
घर से जाते वक्त बदमाशों ने हार्दिक से उनकी कार के बारे में पूछा। उसने बताया कि कार सर्विस के लिए गई है तो उन्होंने कहा कि किसी पड़ोसी की कार ले ले। हार्दिक ने अपने पड़ोसी की कार मांगी और उनसे कहा कि वह अपने रिश्तेदारों को छोड़ने जा रहे है। जाते वक्त बदमाशों ने विकास को कहा कि अगर पुलिस को सूचना दी तो दोनों की जान से हाथ धो बैठेंगे। डर के मारे विकास त्यागी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। करीब एक घंटे बाद बदमाश शाकंबरी देवी के रास्ते के सामने कार से उतर गए। बदमाशों ने हार्दिक के हाथ में 500 रुपये दिए और कहा कि तेल भरवा लेना। चाचा भतीजे जब घर आए तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर सहारनपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों के लिए रवाना की गई हैं। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। - अजय सिंह, एसएसपी