आंखों में मिर्ची डालकर लूटी चेन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
बेखौफ बदमाशों ने एक बुटिक संचालिका की आंखों में मिर्च झोंककर उनके गले से चेन लूट ली। बदमाश वहां पर चादर देखने के बहाने घुसे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
घटना रायपुर के लाडपुर क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक आशा थापा पत्नी त्रिलोक सिंह लाडपुर में रहती हैं। वह लाडपुर क्षेत्र में ही सिलाई और कपड़े बेचने का काम करती हैं। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे दो युवक दुकान में पहुंचे। उन्होंने दुकान के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर दी। दोनों ने चादर दिखाने के लिए कहा।
आशा उन्हें चादर दिखाने लगी। बकौल आशा आरोपियों को आए करीब तीन मिनट हुए थे। उनमें एक ने आशा की आंखों में मिर्च फेंकी। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी उनके गले से चेन लूटकर फरार हो गए।
आशा आंख में मिर्च गिरने के कारण दर्द से कराह उठी। उन्होंने एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी। एसएसआई रायपुर नवीन जोशी ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ चेन लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।