खनन कारोबार से जुड़े लोगों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने शक्ति नहर के पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने से उत्पन्न हुई समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। उप जिलाधिकारी विनोद कुमार के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेज वैकल्पिक मार्ग खोलने को कहा। खनन कारोबार से जुड़े वाहन स्वामी, ड्राइवर, लेबर आदि ने कहा कि शक्ति नहर के पुलों से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दिए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अधिकतर वाहन निजी बीमा कंपनियों से ऋण लेकर संचालित किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उनके सामने कंपनियाें का पैसा लौटाना संभव नहीं हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वाहनों के नहीं चलने से खनन से जुड़े मजदूरों का काम बंद हो गया है। सरकार को वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग की तत्काल सुविधा प्रदान करनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में उमेश गुप्ता, शिवम, घनश्याम, विजेंद्र, शमशेर सिंह, सुभाष चंद, संजय, प्रवीण, विद्याशंकर, विनोद, आकाश शर्मा आदि शामिल रहे। संवाद