आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर दयारा बुग्याल में 17 अगस्त को दूध, मक्खन, मट्ठे की होली खेली जाएगी। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज मुख्य अतिथि होंगेे। 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित दयारा बुग्याल में 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाएगा।
दयारा पर्यटन उत्सव समिति के अध्यक्ष मनोज राणा ने बताया कि 17 अगस्त को दयारा बुग्याल में पारंपरिक और ऐतिहासिक बटर फेस्टिवल मनाया जाएगा। 11 हजार फीट की ऊंचाई पर दयारा बुग्याल में रैथल के ग्रामीण सदियों से भाद्रप्रद महीने की संक्रांति को दूध, मक्खन, मट्ठे की होली का आयोजन करते हैं। प्रकृति का आभार जताने के लिए होने वाले उत्सव को रैथल गांव की दयारा पर्यटन उत्सव समिति और ग्राम पंचायत आयोजित कर रही है। बताया कि दो वर्ष से कोरोना के चलते बटर फेस्टिवल का आयोजन ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही परंपराओं का निर्वहन करते हुए सूक्ष्म स्तर पर किया था।
बताया कि रैथल के ग्रामीण गर्मियों की दस्तक के साथ ही मवेशियों के साथ दयारा बुग्याल समेत गोई चिलापड़ा में ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए पहुंचते हैं। ग्रामीण वापस लौटने से पहले अपनी और अपने मवेशियों की रक्षा के लिए प्रकृति का आभार जताने को पर्व का आयोजन करते हैं। बताया कि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों ने सीएम और पर्यटक मंत्री से मुलाकात कर बटर फेस्टिवल के लिए आमंत्रित किया। इस मौके पर प्रधान सुशीला देवी, गजेंद्र सिंह राणा, राजवीर सिंह रावत, संदीप राणा, रामचंद्र सिंह पंवार, सोबत सिंह राणा और महेंद्र राणा मौजूद रहे।