देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के वार्ड 11 विजय कॉलोनी की जनसमस्याओं के निराकरण की मांग के लिए पार्षद प्रत्याशी मोनिका राजोरिया व मंडल अध्यक्ष नितेश राजोरिया के नेतृत्व में शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पथरिया पीर भाग-2 में सुरक्षा दीवार व पुश्ते का निर्माण, विजय कॉलोनी और पथरिया पीर की क्षतिग्रस्त सड़कों व गलियों की मरम्मत, पथरिया पीर पुल पर जर्जर बिजली के खंभे को बदलने और पुल व नदी किनारे सुरक्षा के लिए जाल व रेलिंग लगाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि बारिश में बस्ती के घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी होती है। साथ ही जर्जर सड़कें और सुरक्षा संबंधी समस्याएं दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व पार्षद विकास कुमार, सचिन कुमार, रिंकू, रोहित कुमार, आशीष भाटिया, कालू, गोपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।