नौरो पुल के पास एक होटल में शरणागति यमुना महासू आश्रम हरिपुर के ट्रस्टियों के सदस्यों ने बैठक की। हरिपुर कालसी में यमुना तट पर आश्रम निर्माण को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर व्यास विजय कृष्ण ने कहा कि हरिपुर का प्राचीन वैभव धीरे-धीरे वापस लौट रहा है। कहा कि यहां पर आध्यात्मिक धारा प्रवाहित होगी। यमुना तट पर अनेक धामों के निर्माण होंगे, साधु संतों के बड़े-बड़े आश्रम होंगे, गोशालाएं होंगी, योग और वेदों का अध्ययन होगा। इससे जौनसार बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर में आध्यात्म के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा है कि यमुना के तट पर कालसी के निकट शरणागति यमुना महासू आश्रम के निर्माण का कार्य कुछ समय बाद शुरू किया जाएगा। बताया कि इसके लिए स्थानीय लोग स्वेच्छा से भूमि दान से लेकर हर प्रकार का सहयोग कर रहे हैं। आश्रम निर्माण से जुड़ी हुई अनेक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आश्रम के भक्तगणों को सौंप गई।
बैठक में जौनसार बावर कर्मचारी मंडल के अध्यक्ष रणवीर सिंह तोमर, विधानसभा अध्यक्ष के पूर्व सूचना अधिकारी भारत चौहान, स्वराज सिंह तोमर, लोक पंचायत जमुना कृष्णा समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान, लोक पंचायत के सदस्य सतपाल चौहान, गोपाल सिंह तोमर, भाजपा नेता नरेंद्र तोमर, केसर सिंह राय आदि रहे।