फूड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के साथ हुई बैठक में एमएसएमई उद्यमियों की समस्याओं को रखा गया। इसमें नियमों को सरल कर उद्यमियों को सुविधाएं देने की मांग की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
राजपुर रोड स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मारवाह ने परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर के सामने समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई में खाद्य पदार्थ निर्माण से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। बड़ी संख्या में उद्योगाें पर बंदी का संकट मंडराने लगा है। इस दौरान उद्योग निदेशालय के महानिदेशक के माध्यम से सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसमें सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में 220 केवीए के बिजलीघर की स्थापना किए जाने, खसरा नंबर 122 एमआई में 85 स्ट्रीट लाइट को चालू कराने, एमएसएमई सेक्टर में आ रही समस्याओं को दूर करने आदि की मांग की गई। इन मांगों को राज्य उद्योग मित्र समिति की आगामी बैठक में शामिल किए जाने की मांग की गई है। बैठक में पवन अग्रवाल, केके अग्रवाल, राज दीवान, विक्की बारी, राकेश भाटिया, हरपाल सिंह, अनुज गर्ग, प्रशांत गोयल, मयंक गर्ग एवं राज किशन आदि मौजूद रहे।