मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ऋषिकेश क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में अनाधिकृत निर्माण स्थलों को सील किया गया। कार्रवाई गुमानीवाला, गंगा किनारे गली नंबर-1 और वीरपुर खुर्द क्षेत्र में की गई।एमडीडीए के अनुसार गुमानीवाला में चीमा राम की ओर से बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक उपयोग के लिए टिन शेड का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने संबंधित के खिलाफ उत्तराखंड नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दायर किया था। इसके बाद मौके पर निर्माण को सील कर दिया गया। इसी तरह गंगा किनारे गली नंबर-1 में राम यादव के बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण पर कार्रवाई की गई। वीरपुर खुर्द में सीमा डेंटल कॉलेज के निकट गली नंबर-4 में संदीप गोस्वामी आदि ने बिना आवश्यक अनुमति निर्माण करने का मामला सामने आया था। एमडीडीए की टीम ने दोनों स्थानों पर भी निर्माण सील कर दिए। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र या आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अवैध निर्माण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण की लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।