तहसील क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर एमडीडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। बुधवार को एसडीएम के निर्देश पर टीम ने तेलपुरा, नवाबगढ़, डुमैट और बाबूगढ़ में 50 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से जमींदोज कर दिया। सभी कॉलोनाइजर को दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बुधवार सुबह एमडीडीए के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम सबसे पहले डुमैट पहुंची। यहां यमुना पुल के पास छह बीघा भूमि पर कुनाल अग्रवाल अवैध प्लांटिंग कर रहे थे। टीम ने निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। उसके बाद टीम सीधा तेलपुरा पहुंच गई। यहां दुर्गा मंदिर के पास पवन और सुनील 22 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर रहे थे। टीम ने नींव को जमींदोज कर दिया।
इसके बाद टीम ने नवाबगढ़ का रुख किया। यहां मोहम्मद जॉन की 10 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, बाबूगढ़ में गुलाब सिंह, लाल सिंह और बिशंभर सिंह पांच बीघा, सिब्बा तीन बीघा और सत्या देवी चार बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाट काट रहे थे। टीम ने तीनों अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से तोड़ दिया।
सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि बिना एमडीडीए की अनुमति और नक्शा पास करवाए प्लाटिंग की जा रही थी। बताया कि अवैध प्लाटिंग करने वाले लोगों को पूर्व में नोटिस भेजा गया था, लेकिन प्लाटिंग का कार्य जारी रहा। बताया कि दोबारा कार्य शुरू करने पर संबंधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Iटीम में यह रहे शामिलI
अवर अभियंता जितेंद्र मौर्य, युगांत रावत, सुपरवाइजर अमरलाल भट्ट व पुलिस टीम शामिल रहे।
Iअवैध निर्माण और प्लाटिंग पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अवैध निर्माण और प्लाटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
I
I
I
Iमोहन सिंह बर्निया, सचिव, एमडीडीएI