साहिया में लोनिवि कार्यालय पर प्रदर्शन करते मेट व बेलदार। स्रोत : संगठन
मेट एवं बेलदार कर्मचारी संघ ने लोक निर्माण विभाग के अस्थाई खंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि मजदूरी का उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनका जेम व प्रयाग पोर्टल पर पंजीकरण भी नहीं कराया गया है। उन्होंने ठेका श्रमिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।मेट एवं बेलदार कर्मचारी संघ के सदस्यों ने लोनिवि कार्यालय पर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 744 मेट व बेलदार लोक निर्माण विभाग के विभिन्न खंडों में तैनात रहकर पहाड़ी मार्गों को नियमित रूप से ठीक करने की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। विभाग से कार्य के लिए मिलने वाली मजदूरी उन्हें पूरी नहीं दी जा रही है। ठेकेदार विभाग से मिली मजदूरी के हिसाब से उनका भुगतान नहीं करता है। उन्होंने विभाग में ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की मांग की। साथ ही उन्होंने मेट व बेलदारों को जेम और प्रयाग पोर्टल के माध्यम से सेवायोजित करने की अपील की। उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन लोनिवि अभियंता राधिका शर्मा को सौंपा। धरना-प्रदर्शन के करने वालों में संघ के महामंत्री तेजपाल शाह, मदन सिंह, मातबर सिंह, विजय राय, रविंद्र राय, गोपाल सिंह, चमन सिंह आदि शामिल रहे।