राजस्व विभाग की टीम ने टाइगर फाॅल झरने के पानी के प्रवाह के आसपास ऐसे कई वृक्ष मौजूद होने की पुष्टि की है जो, किसी भी समय गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। दुर्घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम मौका मुआयना करने पहुंची। तीन दिन पहले झरने में नहाते हुए पर्यटकों के ऊपर एक पेड़ गिर गया था। इस दुर्घटना में एक महिला पर्यटक व एक स्थानीय निवासी की मौत हो गई थी। घटना के बाद जांच के लिए मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने झरने के आसपास व पानी के प्रवाह वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने यह पाया कि अभी भी पानी के प्रवाह से सटे पांच से अधिक ऐसे विशालकायी वृक्ष क्षेत्र में मौजूद हैं जो किसी भी समय उखड़कर झरने में नहाने के लिए आने वाले पर्यटकों पर गिर सकते हैं। टीम ने अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। राजस्व उपनिरीक्षक जयकृष्ण ने बताया कि मौके पर चिह्नित किए गए ऐसे वृक्षों को काटकर हटाने व अन्य सभी प्रकार के सुरक्षा कार्य कराने से संबंधित रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। वहीं दुर्घटना ने स्थानीय निवासियों से लेकर यहां आने वाले पर्यटकों के मन में भय का वातावरण बना दिया है। गर्मी के मौसम में पर्यटकों की चहल-पहल व शोर-शराबे से गुलजार रहने वाले टाइगर फॉल व इसके आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। टाइगर फाॅल के पास पर प्रतिबंध लगने से पर्यटकों की आवाजाही यहां पूर्ण रूप से बंद हो गई है।