देहरादून। महिला न्यायिक अधिकारी से कैब में यात्रा के दौरान बदसलूकी करने के आरोपी चालक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने न्यायिक अधिकारी के बयान दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की। आरोप है कि चालक ने तय किराये से दोगुने पैसे मांगे और विरोध करने पर उन्हें सुनसान बंद गली में ले गया। मामले में डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। डालनवाला क्षेत्र स्थित एक सरकारी कॉलोनी से महिला न्यायिक अधिकारी ने सौडा सरोली जाने के लिए कैब बुक की थी। यात्रा की दूरी करीब नौ किलोमीटर थी। आरोप है कि रास्ते में चालक ने एसी चलाने के बाद किराये को लेकर विवाद शुरू कर दिया। उसने नौ किलोमीटर की यात्रा के लिए तय किराये से दोगुने पैसे मांगे। न्यायिक अधिकारी ने कंपनी की ओर से बुकिंग के समय निर्धारित किराया ही देने की बात कही। इसके बाद न्यायिक अधिकारी ने कैब कंपनी के अधिकारी से फोन पर शिकायत की। कंपनी की ओर से चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि इससे नाराज चालक उन्हें एक सुनसान गली में ले गया, जो आगे से बंद थी। वहां उसने महिला अधिकारी से बदसलूकी की। इस दौरान गली में मौजूद एक गार्ड ने चालक से विवाद का कारण पूछा तो उसने महिला अधिकारी पर ही रास्ता नहीं बताने का आरोप लगाया। गार्ड ने कहा कि रास्ता मैप में दिखाई देता है। इस पर चालक ने गार्ड के साथ भी मारपीट करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद चालक ने गाड़ी से उतरकर राइड रद्द कर दी। इस बीच महिला न्यायिक अधिकारी ने कोर्ट मोहर्रिर को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद चीता पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को थाने ले आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को न्यायिक अधिकारी के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।