इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पूर्व सीएम एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी अपने राजनीतिक जीवन में कुशल राजनेता रहे हैं। इनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश भाजपा में दूसरी पंक्ति के राजनेताओं को खड़ा करने में कोश्यारी की अहम भूमिका रही है। इस दौरान सीएम, सांसद भट्ट समेत पार्टी के कई विधायकों ने राज्यपाल कोश्यारी का अभिनंदन किया।
शनिवार को ओएनजीसी के एएनएम घोष ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल कोश्यारी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा से प्रदेश के विकास व हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमि सुधार, पहाड़ से पलायन समेत कई समस्याएं प्रमुख हैं। इस दिशा में गंभीरता से कार्य किए जाने की जरूरत है। उन्होंने विधायकों को नसीहत दी कि वह मैदान से चुनाव लड़ने का मोह छोड़ें और पहाड़ों के अपने गृह क्षेत्र की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ें।
इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि कोश्यारी जी ने इंडस्ट्री के विकास में भी कई कार्य किए हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों व भाजपा विधायकों ने कोश्यारी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, पुष्कर सिंह धामी, अनिल गोयल, एसपी कोचर, विपिन नागलिया आदि उपस्थित रहे।