फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने किए बदरी-केदार धाम के दर्शन, आचार्य बालकृष्ण से भी मिले

Sat, 05 Oct 2019 09:17 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बदरीनाथ/केदारनाथ
विज्ञापन
बदरीनाथ में भगत सिंह कोश्यारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन किए। सुबह 9.30 बजे वे एमआई-17 हेलकॉप्टर से वीआईपी हेलीपैड पर पहुंचे और वहां से वे मंदिर पहुंचे।

विज्ञापन


जहां पर प्रशासनिक व बीकेटीसी के अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में प्रवेश किया। जहां केदारनाथ के मुख्य पुजारी केदार लिंग ने उनके हाथों पूजा-अर्चना का संकल्प कराया। 

करीब 25 मिनट तक पूजा-अर्चना करते हुए उन्होंने बाबा का जलाभिषेक भी किया। मंदिर की परिक्रमा के उपरांत बीकेटीसी द्वारा उन्हें प्रसाद व माला भेंट की गई। इसके बाद वे ध्यान गुफा भी गए। यहां पर उन्होंने नौ दिवसीय यज्ञ का आयोजन कर रहे आचार्य बालकृष्ण से भी भेंट की। 
विज्ञापन


इसके बाद वे दोपहर में लगभग सवा बारह बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल और मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने उनका स्वागत कर उन्हें बदरीनाथ भगवान के अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। राज्यपाल ने बदरीनाथ के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी से भी भेंट की। 

विज्ञापन

मैदान से चुनाव लड़ने का मोह छोड़ें और पहाड़ों की विधानसभा सीट से लड़ें चुनाव

इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पूर्व सीएम एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी अपने राजनीतिक जीवन में कुशल राजनेता रहे हैं। इनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश भाजपा में दूसरी पंक्ति के राजनेताओं को खड़ा करने में कोश्यारी की अहम भूमिका रही है। इस दौरान सीएम, सांसद भट्ट समेत पार्टी के कई विधायकों ने राज्यपाल कोश्यारी का अभिनंदन किया। 

शनिवार को ओएनजीसी के एएनएम घोष ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल कोश्यारी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा से प्रदेश के विकास व हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमि सुधार, पहाड़ से पलायन समेत कई समस्याएं प्रमुख हैं। इस दिशा में गंभीरता से कार्य किए जाने की जरूरत है। उन्होंने विधायकों को नसीहत दी कि वह मैदान से चुनाव लड़ने का मोह छोड़ें और पहाड़ों के अपने गृह क्षेत्र की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ें। 
इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि कोश्यारी जी ने इंडस्ट्री के विकास में भी कई कार्य किए हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों व भाजपा विधायकों ने कोश्यारी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, पुष्कर सिंह धामी, अनिल गोयल, एसपी कोचर, विपिन नागलिया आदि उपस्थित रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें