प्रेमनगर के मांडुवाला जंगल में खाई से मिले युवक मदन के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर मदन की हत्या की थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मीना और लल्लन के बीच करीब तीन साल से अवैध प्रेम संबंध था। मदन को इसकी जानकारी हो गई थी। वह दोनों को जान से मारने और उनके रिश्ते की जानकारी अन्य लोगों को देने की धमकी दे रहा था। इसके बाद दोनों ने रास्ते से हटाने के लिए मदन की हत्या की साजिश रची। वारदात से पहले मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने मांडुवाला जंगल में लेकर गई थी। वहां शराब पीने के बाद दोनों ने धारदार चाकू से मदन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया। तीन अक्तूबर को डॉल्फिन कॉलेज के पास मांडुवाला जंगल की खाई में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त मदन मुखिया (38) निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। वह वर्तमान में मांडुवाला, झाझरा में परिवार के साथ रह रहा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस ने हत्या की आशंका जताई।घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मांडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा (23) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में लल्लन ने मदन की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसने मीना के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। लल्लन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी (30) को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी ने बताया कि मकान मालिक की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या की साजिश, घटनाक्रम और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।