उत्तरकाशी में काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत जयेंद्र पुरी ने प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने गंगोत्री विधायक गोपाल रावत एवं डीएम डॉ. आशीष चौहान को सहायता राशि का चेक दिया। साथ ही महामृत्युंजय भगवान विश्वनाथ से देश दुनिया को कोरोना महामारी के संकट से उबारने के लिए प्रार्थना की।
इधर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के अधिकारी कर्मचारियों ने अपने वेतन से कटौती कर प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख 13 हजार आठ सौ बीस रुपये की सहायता राशि जमा कराई। उधर कुपड़ा गांव के शेषनाग देवता मंदिर समिति ने सीएम राहत कोष में 51 हजार रुपये दिए।
रुद्रप्रयाग में कोरोना महामारी से निपटने के लिए नारायणबगड़ क्षेत्र के मृत्युंजय महादेव मंदिर समिति ने दिए 51 हजार रुपये और ग्राम पंचायत डुंग्री की मनरेगा महिला श्रमिकों ने तीन हजार रुपये की धनराशि प्रधानमंत्री राहत कोष में दी।
वहीं, मांस व्यापारी समिति ग्रामीण और शहरी क्षेत्र कोटद्वार ने एसडीएम योगेश मेहरा को 21 हजार रुपये की नकद धनराशि दी। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार ने सभी से आगे बढ़कर इस महामारी से निपटने के लिए शासन-प्रशासन की यथासंभव मदद करने की अपील की। दूसरी ओर रुद्रप्रयाग में सामाजिक कार्यकर्ता एवं विश्व हिंदू परिषद के जिलामंत्री बलवंत सिंह बुटोला ने 21 हजार रुपये पीएम राहत कोष में जमा कराए।