सीयूईटी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने एमपीजी कॉलेज के गेट पर तालाबंदी की और धरने पर बैठ गए। छात्रों ने बिना सीयूईटी मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की मांग को लेकर प्राचार्य के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। करीब साढ़े तीन घंटे बाद प्राचार्य के आश्वासन पर छात्रों ने ताला खोला।
छात्र सुबह साढ़े दस बजे कॉलेज पहुंचे और गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद सभी धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। एबीवीपी नगर मंत्री अमित पंवार ने कहा, महाविद्यालयों में अधिकतर सीटें खाली पड़ी हैं। ऐसे में छात्र हित को ध्यान में रखते हुए गढ़वाल विवि से संबद्ध कॉलेजों में पूर्व की भांति 12वीं की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाएं। छात्रों ने सीयूईटी में उत्तराखंड के छात्रों को 50 फीसदी आरक्षण देने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष प्रीतम, उपाध्यक्ष सौरव सिंह, विवि प्रतिनिधि मोहन शाही, सह सचिव शीला, सौरभ नौटियाल आदि मौजूद रहे।